Muzaffarpur News: मुशहरी CHC में सीरियस मरीज को छोड़कर समय से पहले चली गईं डॉक्टर
मुशहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी समय से पहले डॉक्टर के चले जाने का आरोप लगा है। मरीजों ने इलाज नहीं मिलने की शिकायत की। प्रभारी ने जांच और कार्रवाई की बात कही।
मुजफ्फरपुर: मुशहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही का आरोप, ड्यूटी समय से पहले चली गईं डॉक्टर; दर्जनों मरीज इलाज के लिए रहे परेशान
मुजफ्फरपुर: जिले के मुशहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के इलाज को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। 9 सितंबर को मातृत्व दिवस यानी ANC डे के दौरान अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के समय से पहले अस्पताल से चले जाने के कारण कई मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा। कुछ मरीजों को दूसरे डॉक्टर के आने की बात कहकर वापस लौटाने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर को डॉक्टर प्रीति कुमारी की सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी में ड्यूटी निर्धारित थी। इसके अलावा म्यूचुअल ड्यूटी के तहत दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक भी उनकी ड्यूटी बताई गई थी। आरोप है कि डॉक्टर प्रीति कुमारी निर्धारित समय पूरा होने से पहले ही करीब 1:35 बजे अस्पताल से चली गईं।
डॉक्टर के चले जाने के बाद अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीजों का आरोप है कि उन्हें बताया गया कि दूसरा डॉक्टर दोपहर 2 बजे आएगा, उसके बाद ही इलाज किया जाएगा।
पैर में चोट के बाद इलाज के लिए पहुंचे शिवनाथ राय
मुशहरी क्षेत्र के रहने वाले शिवनाथ राय पैर में चोट लगने के बाद काफी दर्द की शिकायत लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। उनका कहना है कि अस्पताल में डॉक्टर प्रीति कुमारी मौजूद थीं, लेकिन उनका इलाज नहीं किया गया।
शिवनाथ राय के मुताबिक, उन्होंने डॉक्टर से कहा कि पैर में काफी दर्द हो रहा है, कम से कम दवा लिख दीजिए। इस पर उन्हें बताया गया कि दूसरा डॉक्टर दोपहर 2 बजे आएगा, उसी समय इलाज करा लीजिएगा। इलाज नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
तेज बुखार से पीड़ित बच्चे को भी लौटाने का आरोप
इसी तरह बैकटपुर निवासी बीना देवी नें अपने बच्चे को तेज बुखार की शिकायत के बाद इलाज कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। आरोप है कि बच्चे को देखने के बजाय उन्हें यह कहकर वापस कर दिया गया कि बुखार के डॉक्टर मौजूद नहीं हैं और दोपहर 2 बजे दूसरे डॉक्टर आएंगे।
बीना देवी सहित अस्पताल पहुंचे अन्य मरीजों ने भी इलाज में देरी और डॉक्टर के इंतजार को लेकर नाराजगी जताई। मरीजों का कहना था कि सरकारी अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर आने के बाद यदि उन्हें बिना उपचार के वापस लौटना पड़े तो इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है।
अस्पताल प्रभारी ने कहा- होगी जांच, वेतन काटने की कार्रवाई
मामले को लेकर मुशहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी ने बताया कि वे वरीय अधिकारी के आदेश पर जूरन छपरा स्थित अस्पताल की जांच के लिए गए हुए थे। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि डॉक्टर प्रीति कुमारी की दोपहर 2 बजे तक मरीजों को देखने की ड्यूटी थी।
प्रभारी के अनुसार, डॉक्टर के निर्धारित समय से पहले चले जाने के मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर के वेतन में कटौती भी की जाएगी।
अब सवाल यह उठता है कि जब अस्पताल में मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे, तो निर्धारित ड्यूटी समय के दौरान डॉक्टर के चले जाने की स्थिति कैसे बनी? मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ड्यूटी में लापरवाही किस स्तर पर हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। मरीजों ने भी अस्पताल प्रशासन से व्यवस्था दुरुस्त करने और निर्धारित समय पर डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
कमेंट करें
कमेंट्स
कमेंट लोड हो रहे हैं...
