Shiksha

Muzaffarpur News: मुशहरी के 2 सरकारी स्कूलों में बच्चों के खाने में मिला कीड़ा, मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर के मुशहरी प्रखंड के दो सरकारी स्कूलों में बच्चों के मध्याह्न भोजन और फल में कीड़ा मिलने का आरोप लगा है। मामले की सूचना पर BDO ने MDM प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं।

11 सितंबर 2026 को 7:23 PM बजे
Muzaffarpur, Bihar
Crime Sach Khabar
3 min read
352664.png

Muzaffarpur News: मुशहरी के दो सरकारी स्कूलों में बच्चों के भोजन में मिला कीड़ा, मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर: बिहार के सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी प्रखंड क्षेत्र के दो सरकारी स्कूलों में बच्चों के खाने में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। खाने में कीड़ा मिलने के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार, मुशहरी प्रखंड के द्रोणपुर स्कूल और झपहां तोता साह के पोखर के पास स्थित सरकारी स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में कीड़ा मिलने की बात सामने आई है। आरोप है कि स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन अहले सुबह ही तैयार कर लिया जाता है, जबकि बच्चों को करीब दोपहर 1 बजे के बाद खाना परोसा जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि भोजन तैयार करने और बच्चों को परोसने के बीच काफी समय का अंतर होने के कारण उसकी गुणवत्ता खराब हो जाता है बच्चे खाते नहीं है। खाना को सुरक्षित रखे जाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठते हैं।

फल में भी कीड़ा मिलने का आरोप

ग्रामीणों ने केवल मध्याह्न भोजन ही नहीं, बल्कि बच्चों को दिए जाने वाले फल की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को वितरित किए जाने वाले फल में भी कीड़ा मिला है। इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।

द्रोणपुर स्कूल के प्रधानाध्यापक बोले

द्रोणपुर स्कूल के प्रधानाध्यापक ने बताया कि बच्चों के मध्याह्न भोजन के दौरान खाने में कीड़ा मिला। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों को दिए जाने वाले फल में भी कीड़ा मिलने की बात सामने आई है। प्रधानाध्यापक के अनुसार, मामले की सूचना मुशहरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी को दे दी गई है।

BDO ने जांच के दिए आदेश

मामले को लेकर मुशहरी प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद आनंद ने बताया कि द्रोणपुर स्कूल में भोजन में कीड़ा मिलने की सूचना उन्हें प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही MDM प्रभारी को जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की निगरानी कितनी प्रभावी है। बच्चों के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन में किसी भी तरह की लापरवाही उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या बन सकती है। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण और वितरण व्यवस्था की नियमित जांच बेहद जरूरी है।

फिलहाल मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में कीड़ा किस वजह से मिला और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है। अभिभावकों और ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कमेंट करें

0 / 50 शब्द

कमेंट्स

कमेंट लोड हो रहे हैं...