Muzaffarpur Road Accident: दूध देकर लौट रही 18 वर्षीय काजल को पिकअप ने मारी टक्कर, मौके पर मौत
मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दूध देकर बहन के साथ लौट रही 18 वर्षीय काजल कुमारी को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
Muzaffarpur Road Accident: दूध देकर लौट रही 18 वर्षीय युवती को तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर, मौके पर मौत
मुजफ्फरपुर। हथौड़ी थाना क्षेत्र के पितौझिया गांव स्थित मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना एनएच-77 सीतामढ़ी रोड की बताई जा रही है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान पितौझिया गांव निवासी कुंज बिहारी सहनी की 18 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
दूध देकर बहन के साथ लौट रही थी काजल
परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे काजल कुमारी अपनी बहन के साथ दूध देने गई थी। दूध देने के बाद दोनों बहनें वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एनएच-77 सीतामढ़ी रोड पर सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने काजल को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन मुजफ्फरपुर की ओर से सीतामढ़ी की तरफ जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि वाहन कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहा था और इसी दौरान काजल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मौके पर जुटी भीड़
पिकअप की टक्कर इतनी जोरदार थी कि काजल गंभीर रूप से घायल हो गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे।
काजल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का कहना है कि सुबह घर से दूध देने निकली काजल वापस घर नहीं लौट सकी।
वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर हथौड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर थाना ले गए वहीं, मृतका के शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर भेज दिया गया।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हथौड़ी थाना अध्यक्ष के अनुसार, पुलिस को पितौझिया स्थित एनएच-77 सीतामढ़ी रोड पर पिकअप की ठोकर से युवती की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था।
पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फरार चालक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 18 वर्षीय काजल कुमारी की मौत से पितौझिया गांव में शोक का माहौल है।
कमेंट करें
कमेंट्स
कमेंट लोड हो रहे हैं...
