Health

मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के दौरे से पहले SKMCH में हड़कंप, गेट नंबर-1 से 3 तक अतिक्रमण हटाया गया

मुजफ्फरपुर SKMCH में 3 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे होमी भाभा कैंसर अस्पताल के बाद SKMCH में 30 बेड का आईसीयू वार्ड का करेंगे उद्घाटन दौरे से पहले जिला प्रशासन ने गेट नंबर-1 से 3 तक अतिक्रमण हटाया और साफ-सफाई तेज कर दी है।

2 सितंबर 2026 को 5:37 PM बजे
Muzaffarpur, Bihar
Crime Sach Khabar
3 min read

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के आगमन को लेकर SKMCH में तैयारी तेज, गेट नंबर-1 से 3 तक अतिक्रमण हटाया गया

मुजफ्फरपुर: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार गुरुवार, 3 सितंबर को मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) का जायजा लेने पहुंचेंगे। स्वास्थ्य मंत्री दोपहर करीब 2 बजे SKMCH परिसर स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल पहुंचेंगे। इसके बाद वे SKMCH में 30 बेड का आईसीयू वार्ड का उद्घाटन करेंगे और स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पताल परिसर का विस्तृत निरीक्षण करेंगे

जिसमें अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां युद्धस्तर पर तेज कर दी गई हैं।

अस्पताल परिसर में साफ-सफाई से लेकर

व्यवस्था दुरुस्त करने का काम लगातार कराया जा रहा है। कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि मंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से पूरी हो सकें। वहीं, अस्पताल के आसपास से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी युद्धस्तर पर की गई है, जिससे मंत्री के काफिले और आम मरीजों दोनों को आवागमन में कोई परेशानी न हो।

गेट नंबर-1 से 3 तक हटाया गया अतिक्रमण

जिला प्रशासन के निर्देश पर SKMCH के गेट नंबर-1 से लेकर गेट नंबर-3 तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को खाली कराया गया। इस दौरान सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों और ठेलों को भी हटाया गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल के मुख्य रास्ते को भी पूरी तरह व्यवस्थित किया गया, जिससे एंबुलेंस और मरीजों के वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके।

मुजफ्फरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी आनंद

उत्सव ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए अस्पताल के आसपास से अतिक्रमण हटाया गया है, ताकि निरीक्षण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

साफ-सफाई पर विशेष जोर

स्वास्थ्य मंत्री के दौरे को लेकर SKMCH परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अस्पताल परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई कराई जा रही है, कूड़ा-कचरा हटाया जा रहा है और रंग-रोगन का काम भी कुछ हिस्सों में किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि मंत्री के सामने अस्पताल की एक बेहतर और साफ-सुथरी छवि प्रस्तुत की जाए।

एसकेएमसीएच अस्पताल अधीक्षक ने कहा

अस्पताल अधीक्षक महेश प्रसाद ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री 3 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे होमी भाभा कैंसर अस्पताल पहुंचेंगे। इसके बाद वे SKMCH में 30 बेड का आईसीयू वार्ड का उद्घाटन करेंगे। मंत्री के दौरे को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं, ताकि दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

मंत्री के निरीक्षण पर टिकी नजर

स्वास्थ्य मंत्री के दौरे को लेकर अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि वे SKMCH में इलाज, साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं, अस्पताल की व्यवस्थाओं और अन्य समस्याओं का किस तरह जायजा लेते हैं। उनके निरीक्षण के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर क्या निर्देश दिए जाते हैं, यह भी काफी महत्वपूर्ण होगा। स्थानीय लोगों और मरीजों को उम्मीद है कि इस दौरे के बाद अस्पताल की स्थायी व्यवस्थाओं में भी सुधार देखने को मिलेगा, न कि केवल दौरे के दिन के लिए ही तैयारी की जाए।

कमेंट्स लोड हो रहे हैं...