मुजफ्फरपुर गरहां में भीषण आग लगी, दो घर जलकर राख
मुजफ्फरपुर के गरहां के खालिकपुर गांव में भीषण आग से दो घर और एक बाइक जलकर राख हो गई। प्रशासन ने जांच के बाद मुआवजे का भरोसा दिया है।
मुजफ्फरपुर के गरहां में भीषण आग, दो घर जलकर राख; बाइक में आग लगने के बाद फैली लपटें
मुजफ्फरपुर: जिले के गरहां थाना क्षेत्र के खालिकपुर गांव के वार्ड नंबर-7 में बुधवार की अहले सुबह करीब 4 बजे अचानक आग लगने से दो घरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। अचानक आग लगी से स्प्लेंडर बाइक भी चल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के लोगों को सामान बचाने का मौका नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, खालिकपुर गांव निवासी अरविंद ठाकुर, पिता लालबाबू ठाकुर और अजीत ठाकुर के घर में आग लगी। बताया जा रहा है कि एक नई स्प्लेंडर प्लस बाइक भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई। बाइक में पेट्रोल होने के कारण आग तेजी से फैलने की बात कही जा रही है।
आग की लपटें देखकर मचा हड़कंप
अहले सुबह घर से आग की लपटें और धुआं निकलता देखकर परिवार के लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। घटना की सूचना गरहां थाना पुलिस और दमकल विभाग को भी दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार, दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही लोगों ने काफी मशक्कत कर आग पर काफी हद तक काबू पाने का प्रयास किया।
पुलिस के मौके पर पहुंचने को लेकर आरोप
घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से गरहां थाना पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया गया है। पीड़ितों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार, बाद में अहियापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। और दमकल की गाड़ी पहुंची।
हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसलिए पुलिस के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पूर्व मुखिया ने प्रशासन को दी जानकारी
आग की घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया सुधीर सहनी को भी दी। ग्रामीणों के अनुसार, मुखिया मौके पर नहीं पहुंच सके। वहीं पूर्व मुखिया केदार सहनी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
पूर्व मुखिया ने घटना की जानकारी बोचहां अंचलाधिकारी को देते हुए पीड़ित परिवार को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
घरेलू सामान और कपड़े जलकर राख
आग में दोनों घरों का घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। पीड़ित परिवार के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें सामान बचाने का मौका नहीं मिला और वे केवल पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकल सके।
घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी समस्याएं खड़ी हो गई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
जांच के बाद मुआवजे की प्रक्रिया
बोचहां अंचलाधिकारी नूपुर ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है। उन्होंने हल्का कर्मचारी को घटनास्थल का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। जांच के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और नियमानुसार जो भी मुआवजा निर्धारित होगा, उसे उपलब्ध कराया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू की गई है। हल्का कर्मचारी की रिपोर्ट आने के बाद आग से हुए वास्तविक नुकसान की स्थिति स्पष्ट होगी।
कमेंट करें
कमेंट्स
कमेंट लोड हो रहे हैं...
